झांसी। जिले में सोमवार को कोरोना वायरस के अब तक के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। एक ही दिन में 52 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इससे हड़कंप है। संक्रमितों की संख्या 327 पहुंच गई है। वहीं, ललितपुर में भी एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
पिछले कुछ दिनों से जनपद में तेजी से कोरोना वायरस संक्रमण के मरीज मिल रहे हैँ। मौतें भी हो रही हैं। सोमवार को जरूर इस बीमारी से किसी की जान नहीं गई, लेकिन संक्रमण फैलने का रिकॉर्ड बन गया। सोमवार को एक साथ 52 मामले सामने आए हैं। इसमें मेडिकल कॉलेज की एक स्टाफ नर्स भी कोरोना की चपेट में आ गई है। इसका प्रमुख कारण जनपद में सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन होना है। लोग मास्क भी लगाकर नहीं चल रहे हैँ। इसी का असर है कि यहां तेजी से लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सोमवार को जिला प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया। जगह-जगह जांच की गई। भीड़ लगाकर खड़े लोगों से सख्ती की गई।