पटरियों के पास मिला सफाई कर्मी का शव
झांसी। मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर कार्यरत सफाई कर्मचारी मनीराम का शव पुलिया नंबर नौ क्रासिंग के पास मिला। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। वह तहसील के पास स्थित अपने घर आए थे और घर पर वापस मानिकपुर जाने की कहकर निकले थे।
कोतवाली क्षेत्र के तहसील के पीछे वाल्मीकि मुहल्ला निवासी मनीराम पथरौल मानिकपुर स्टेशन पर सफाई कर्मचारी थे। वह बीते दिनों मानिकपुर से झांसी आए थे। सोमवार की रात वह मानिकपुर जाने के लिए घर से निकले मगर मंगलवार की सुबह उनका शव पुलिया नंबर नौ क्रासिंग के पास मिला। अनुमान लगाया जा रहा है ट्रेन से गिरकर उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मनीराम की दो बेटियां और एक बेटा है, जिनकी शादियां हो चुकी हैं।