जीआईसी में खुलेगा राजकीय डिग्री कॉलेज
सब हेड: मानक के हिसाब से माना जा रहा है एकदम उपयुक्त
- उच्च शिक्षा विभाग ने भी जताई सहमति
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए दो स्थानों पर जमीन चिह्नित की गई है। इनमें राजकीय इंटर कालेज (जीआईसी) को सबसे उपयुक्त माना जा रहा है। इस पर उच्च शिक्षा विभाग ने भी सहमति जता दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि जीआईसी में ही डिग्री कालेज की स्थापना होगी।
बुंदेलखंड में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में सात राजकीय डिग्री कॉलेज खुलने हैं। इनमें तीन महाविद्यालय झांसी जनपद में नगर, बबीना और मऊरानीपुर में खोले जाने हैं। सभी कालेजों के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। नगर में खोले जाने वाले डिग्री कॉलेज के ग्वालियर रोड पर करारी और जीआईसी में जमीन चिह्नित की गई है। इसमें सबसे उपयुक्त जीआईसी की जमीन को माना जा रहा है। जीआईसी एक तो शहर का पुराना शिक्षण संस्थान है। इसके अलावा यह शहर के बीच में है और मुख्य मार्ग ग्वालियर रोड से सटा है।
क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. संध्या रानी ने बताया कि राजकीय डिग्री कालेज के मानक के अनुसार जीआईसी एकदम उपयुक्त है। ऐसे में पूरी संभावना है कि झांसी में खुलने वाला राजकीय डिग्री कालेज जीआईसी में ही स्थापित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में झांसी जनपद में केवल एक राजकीय डिग्री कालेज है। ये कचहरी चौराहे के पास स्थित है। इस कालेज में केवल बालिकाओं के पढ़ने की व्यवस्था है। जबकि, नए खुलने वाले सभी महाविद्यालय सह शिक्षा होंगे। इनमें बालक और बालिकाएं साथ में उच्च शिक्षा हासिल कर सकेंगी। इसके अलावा इन कालेजों में कला, वाणिज्य और विज्ञान तीनों संकायों की पढ़ाई होगी।