झांसी। पचास लाख रुपये से अधिक लागत से तैयार हुई परियोजनाओं में गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। इसको लेकर जिलाधिकारी ने मातहतों को निर्देश जारी किए हैं। सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण इकाइयों से कार्य निश्चित समय के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक से अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण लेने के साथ ही 29 करोड़ की परियोजनाओं के लिए जांच के आदेश दिए। 50 लाख रुपये के 73 कार्यों की टीम गठित कर जांच कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत, ग्राम पंचायत एवं निकायों से निर्मित श्मशान घाट के कार्यो की टेक्नीकल जांच के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 2133.85 लाख विद्युत बिल बकाया है। सबसे अधिक बीएसए, सीएमओ, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग पर बकाया है। गोआश्रय स्थल का सत्यापन का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, डीडीओ उग्रसेन सिंह यादव, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण सुनील कुमार सहित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।