अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। औद्योगिक और लॉजिस्टिक पार्क को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी देने के लिए शासन ने पांच करोड़ की राशि मंजूर कर दी है। इससे झांसी-बबीना मार्ग के खंड 11 से 28.14 तक सड़क के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और निर्माण संबंधी कार्य कराए जाएंगे। यह हिस्सा करीब 17.14 किलोमीटर लंबा है।
संयुक्त सचिव सोमनाथ की ओर से पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता को जारी पत्र में पांच करोड़ रुपये स्वीकृति की जानकारी दी गई। आदेश में धनराशि का इस्तेमाल स्वीकृत कार्यों में ही करने, कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भुगतान करने समेत कई शर्तें लगाई गई हैं। साथ ही काम पूरा होने के बाद संबंधित अभिलेख और उपयोगिता प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में दिए गए चैनेज के अनुसार 17.14 किलोमीटर हिस्से में औद्योगिक/लॉजिस्टिक पार्क से जुड़ी सड़क सुविधाओं को विकसित करने के लिए काम कराया जाएगा। दूसरे पृष्ठ पर भी पांच करोड़ रुपये को इसी कार्य के लिए चालू वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल किए जाने का उल्लेख है।