झांसी। थानों पर लगाए गए परिवार परामर्श केंद्र में 45 परिवारों एक बार फिर गिले शिकवे भूलकर एक साथ रहने के लिए राजी हो गए। सभी की गलतफहमी दूर कराने के बाद परिवार परामर्श केंद्र से खुशी-खुशी सभी अपने-अपने घर को लौट गए।
छोटी-छोटी बातों की तकरार ने बड़ा रूप लिया। देखते ही देखते कई परिवार बिखर गए। सभी की शिकायतें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचीं थीं। गंभीर आरोेप लगाकर मुकदमें भी दर्ज कराए गए थे। मामले आने के बाद एसएसपी दिनेश कुमार पी ने सभी थानों में परिवार परामर्श केंद्र लगाकर ऐसे सभी मामलों को सुलझाने के निर्देश दिए थे।
एसएसपी की पहल रंग लाई। केवल एक माह में सभी परिवारों को बुलाकर उनकी परेशानी को सुना गया। दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी काउंसिलिंग कराने में पुलिस कामयाब रही। गिले-शिकवे दूर कराने के बाद सभी को अपनी-अपनी गलती का अहसास हुआ।
महिला थाना पर ही परिवार परामर्श केंद्र आयोजित होता था। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद जिले के सभी थानों में परिवार परामर्श केंद्र आयोजित होने लगा है। सामंजस्य बनाने के बाद परिवार परामर्श केंद्र ने 45 परिवारों को एक कराया है। यह हमारे लिए खुशी की बात है। - दिनेश कुमार पी, एसएसपी