155 छात्रों के प्रवेश के लिए दिए पत्र
झांसी। जिला बेसिक शिक्षा विभाग में शुक्रवार को निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश व पढ़ाई के लिए 155 पत्र बच्चों के अभिभावकों को दिए गए। लाटरी सिस्टम से 628 बच्चों का चयन प्रवेश के लिए हुआ था। यह पत्र सोमवार तक वितरित किए जाएंगे।
गरीब आय वर्ग परिवारों के बच्चों को अनिवार्य शिक्षा अधिनियम के तहत निजी स्कूल में नि:शुल्क प्रवेश शासन के निर्देश पर दिया जाता है। इनकी फीस और अन्य खर्चा शासन देता है। इस बार एक ही चरण में ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इसके बाद आवेदनों का सत्यापन हुआ और लाटरी सिस्टम से 628 बच्चों का चयन प्रवेश के लिए हुआ। शुक्रवार को दोपहर में पत्र के लिए अभिभावकों की लाइन लग गई, जिन्हें प्रवेश के पत्र दिए गए। जिला समन्वयक रत्नेश त्रिपाठी के अनुसार जिन अभिभावकों को पत्र मिल गए हैं, वह तत्काल अपने बच्चों का संबंधित स्कूल में प्रवेश करा लें। जिन्होंने पत्र नहीं लिए हैँ, वह सोमवार तक कार्यालय में प्राप्त कर लें। अपने साथ बैंक पासबुक की फोटो कापी और ऑनलाइन आवेदन की प्रति भी लेकर आएं।