सप्तमी पर दुर्गा बाड़ियों में हुए अनुष्ठान
झांसी। बंगाली समाज की दुर्गा बाड़ियों में सप्तमी की विशेष पूजा हुई। बंगाली ढाक पर भक्तों ने धुनूची नृत्य किया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने नाट्य मंचन किया।
फूटा चौपड़ा स्थित बांधव समिति की दुर्गा बाड़ी में सुबह वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा हुई। पुष्पांजलि दी गई और मां को खिचड़ी भोग अर्पित किया गया। इसके बाद सांकेतिक बलि में एक कुम्हेड़ा, दो गन्ने व दो केलों की बलि दी गई। संध्या आरती में बंगाली ढाकी पर बंगाली समाज के युवा सदस्यों धुनूची नृत्य किया। रात में कोलकाता के कलाकारों ने रविंद्र नाथ टैगोर की लिखित नृत्य नाटिका पर मंचन किया। इस दौरान समिति अध्यक्ष प्रदीप मुखर्जी, महासचिव अजीत कुमार रॉय, अरिंदम घोष, आरती चटर्जी, मधुमिता घोष मौजूद रहीं।
इधर, सीपरी कालीबाड़ी में सुबह सप्तमी पर धार्मिक अनुष्ठान व संध्या आरती हुई। रात में बाल कलाकारों ने अपने नृत्य द्वारा रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से जुडे़ प्रसंगों को प्रस्तुत किया। इन कलाकारों में प्रियांशी रावत, श्वेता सिंधवानी, मनीषा कुशवाहा, नैंसी कुशवाहा, संध्या तिवारी, नैंसी वर्मा रही। इस अवसर पर प्रियांशु डे, डॉ. एबी मजूमदार, आरएन डे, एसके कार, नवीन डे, राजेश मित्रा, गौरव मित्रा मौजूद रहे।