आरक्षण से तरक्की मिली, पर नहीं मिटा भेदभाव
सब हेड: सामाजिक भाईचारा सम्मेलन में बसपा नेताओं ने रखे विचार
- ईवीएम से बीजेपी ने सरकार पर कब्जा किया: लालाराम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बहुजन समाज पार्टी के जिला स्तरीय भाईचारा सम्मेलन में सामाजिक भाईचारा समिति के मुख्य प्रदेश प्रभारी चिंतामणि ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष से मिले आरक्षण से दलित समाज को तरक्की तो मिली, लेकिन अभी ऊंच-नीच का भेदभाव नहीं मिट सका है। जातिवादी व्यवस्था की मानसिकता नहीं बदली है। कई घरों में आज भी दलिताें के लिए ‘स्पेशल’ थाली और गिलास में खाना-पीना मिलता है।
बस स्टैंड के पास एक विवाह घर में आयोजित पार्टी के धोबी समाज के भाईचारा सम्मेलन में उन्होंने कहा कि धोबी समाज को सामाजिक और आर्थिक विचारों से जागरूक करने आया हूं। देश में हजारों साल से चल रही सामाजिक व्यवस्था में वर्ण व्यवस्था के अंतर्गत काम बांट दिए गए और दलित अछूत की श्रेणी में आ गए। संविधान और कानून में डॉ. आंबेडकर ने सभी को बराबरी का सम्मान दिलाया। आरक्षण से दलित समाज ने तरक्की की, लेकिन डॉ. साहब की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो सकीं। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री मायावती दलितों के हितों की लड़ाई लड़ रही हैं।
बुंदेलखंड प्रभारी/ मुख्य जोन इंचार्ज लालाराम अहिरवार ने कहा कि महात्मा फुले ने दलितों को पढ़ने का अधिकार दिलाया। संत गाडगे ने कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया और समाज को जगाया। शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी ने ईवीएम के भरोसे सत्ता पर कब्जा कर लिया है। मुख्य जोन इंचार्ज भूपेंद्र आर्य ने कहा कि सभी कार्यकर्ता बहनजी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लें। पूर्व नेता प्रतिपक्ष गयाचरण दिनकर, लोकसभा प्रभारी जुगल किशोर कुशवाहा, पूर्व विधायक प्रागीलाल अहिरवार, मुन्ना पाली, जिलाध्यक्ष रामबाबू चिरगईंया समेत अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर पूर्व मुख्य अभियंता आरके वर्मा, सीताराम कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद नफीस, कय्यूम अंसारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ अहिरवार, महेश गौतम, पूर्व पार्षद रामप्रकाश मामू, आनंद साहू, संतोष कुशवाहा, गगन कुमार, पवन चौधरी, बच्चा सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन साबिर खान ने किया।
बॉक्स..
आयुष व देवेंद्र को मंडल की कमान
झांसी। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व नेता प्रतिपक्ष गयाचरण दिनकर ने आयुष श्रीवास और देवेंद्र अहिरवार को सामाजिक संगठन का मंडल प्रभारी मनोनीत किया है। संजय प्रताप सिंह व पूर्व पार्षद रामप्रकाश को जिला संयोजक सामाजिक संगठन, छिंगा निषाद को विधानसभा प्रभारी मऊरानीपुर मनोनीत किया गया। हरीशंकर श्रीवास नगरा व रवींद्र नगरा का निष्कासन रद कर उन्हें सामाजिक संगठन का विधानसभा संयोजक मनोनीत किया। हरीमोहन श्रीवास को मऊरानीपुर और मोनू श्रीवास को बबीना का विधानसभा संयोजक मनोनीत किया गया।