हिंदुत्व पर नहीं होनी चाहिए राजनीति: उमा
नेताओं को निचले स्तर की बयानबाजी न करने की दी नसीहत
झांसी। केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के भाजपा पर हिंदुत्व की सॉफ्ट राजीनिति करने के आरोप पर कहा कि हिंदुत्व सॉफ्ट और हार्ड नहीं होता। विश्व में हिंदू एक ऐसा धर्म है, जिसके लोग सभी धर्मों का बराबर सम्मान करते हैं। हिंदुत्व पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। यह बात उन्होंने शनिवार को प्रधान डाकघर में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की शाखा के शुभारंभ के मौके पर कही।
नेताओं के निचले स्तर पर हो रही बयानबाजी पर उनका कहना था कि ‘अटल जी’ की राजनीतिक परंपरा को सभी को निभाना होगा। नेताओं को एक दूसरे का सम्मान करना होगा, तभी स्वच्छ राजनीति का वातावरण बन सकेगा। क्योंकि, नेता आज कल जो भी अपशब्द बोलते हैं, वो विभिन्न माध्यमों से जनता के सामने आ जाते हैं। पूर्व मंत्री शिवपाल यादव द्वारा सपा छोड़कर सेक्यूलर मोर्चा बनाए जाने के सवाल पर उनका कहना था कि ऐसा तो होना ही था। मगर, इन सबसे भाजपा को कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। उन्होेंने योगी आदित्यनाथ को अब तक का सबसे अच्छा मुख्यमंत्री बताया।