क्रासिंग पर आधे घंटे जाम में फंसे रहे वाहन चालक
झांसी। मंगलवार की सुबह दस बजे नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग आधे घंटे तक बंद रही। इससे सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। जाम खुलने में भी 15 मिनट का वक्त लग गया, इससे लोग परेशान रहे।
सुबह दस बजे लोग अपने दफ्तरों और कामों के लिए जाते हैं, जिससे इस समय सड़कों पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक रहता है। उसी समय रेलवे ने ग्वालियर रोड क्रासिंग को बंद कर नॉन इंटरलॉकिंग का काम शुरू दिया। इस कारण मौके से गुजरी मालगाड़ी को बेहद धीमी गति से निकाला गया। इस कारण क्रासिंग गेट खुलने में आधे घंटे से अधिक का समय लग गया, इससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोग रेलवे को कोसते रहे। करीब आधे घंटे के बाद रेलवे क्रासिंग पर आवागमन शुरू हो सका। लेकिन, क्रासिंग के दोनों ओर भारी संख्या में छोटी - बड़ी गाड़ियों का जमावड़ा होने से हालात सामान्य होने में पंद्रह मिनट और लग गए।
उल्लेखनीय है कि ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग पर ऐसा यहां पहली बार नहीं हुआ है। आए दिन यहां ऐसी स्थिति बन जाती है। अक्सर रेलवे का काम जारी होने की वजह से यातायात रोक दिया जाता है।