बिगड़ी पानी की चाल, 30 हजार की आबादी परेशान
झांसी। मिशन कंपाउंड स्थित आयुर्वेद कॉलेज पानी की टंकी पर दो मोटरें खराब होने के कारण संबंधित क्षेत्रों को पिछले तीन दिन से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
पानी की टंकी से मिशन कंपाउंड, सर्वनगर, जार पहाड़, गोंदू कंपाउंड, बीकेडी, आंतियाताल, शारदा हिल्स कालोनी, नईस्ती, बंसल कालोनी, इंद्रपुरी कालोनी समेत आसपास क्षेत्रों के 30 हजार से अधिक लोग जुड़े हुए हैं। पानी की कमी के कारण पिछले तीन महीने से क्षेत्रों को दो भागों में बांटकर 24 घंटे में एक बार ही पानी दिया जा रहा है। टंकी को भरने के लिए 50 हॉर्स पावर की तीन मोटरें लगी हैं तथा टंकी भरने के लिए दो मोटरों को एक साथ चलाना पड़ता है। पिछले तीन महीन से एक मोटर खराब चल रही है, जिससे दो मोटरों से काम चलाया जा रहा था। इनमें भी एक मोटर तीन दिन पहले खराब हो गई थी। मंगलवार को मोटर ठीक होकर आई, लेकिन बार-बार मोटर में ट्रिपिंग होने से वह स्टार्ट नहीं हो सकी। इस कारण एक ही मोटर से टंकी को भरा जा रहा है। इससे संबंधित क्षेत्रों में अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे लोग परेशान है।
लीकेज सुधरा
जीवनशाह तिराहे पर पिछले कई दिनों से 12 इंच की पाइप लाइन में लीकेज होने से पानी बह रहा था। इस पाइप लाइन से खंडेराव गेट की टंकी को भरा जाता है। मंगलवार को जलसंस्थान ने लीकेज को सुधारने का काम किया।