झांसी। नगर निगम के कर अनुभाग ने धार्मिक स्थल पर गृहकर लगा दिया। कर विभाग के अधिकारियों ने नगरा स्थित गुरुद्वारे को 40 हजार रुपये का गृहकर का नोटिस भेज दिया। मामले को लेकर बुधवार को गुरुद्वारा सिंह सभा ने महापौर से शिकायत की। जिसके बाद महापौर ने गृहकर को माफ कराया।
दरअसल, शासन ने धार्मिक स्थलों से कर वसूली न करने के निर्देश दिए हैं। इसे नजरअंदाज करते हुए नगर निगम ने नगरा स्थित गुरुद्वारा को 40 हजार रुपये का गृहकर जमा करने का नोटिस भेज दिया। मामले की जानकारी पर महापौर से शिकायत करने पहुंचे गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान इंदरपाल सिंह खनूजा ने कहा कि नगर निगम ने गुरुद्वारे पर गृहकर लगाया है। जिसमें बकाया भी दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा एक धार्मिक स्थल है और किसी व्यक्ति विशेष की संपत्ति नहीं है। इस पर महापौर रामतीर्थ सिंघल ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को निर्देश देकर तत्काल गृहकर माफ कराया। वहीं, गुरुद्वारा कमेटी ने कहा कि गुरुद्वारे के आगे नाली नहीं बनाई गई है। साथ ही सड़क भी जर्जर हो गई है। महापौर ने मुख्य अभियंता को सर्वे कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर मनोनीत पार्षद नरेंद्र नामदेव, सरदार वीर सिंह, हरप्रीत सिंह, गुरजीत सिंह खनूजा, ज्ञानी अमनजीत सिंह, अमरजीत सिंह, इकबाल सिंह, सुरजीत सिंह, अमन सलूजा मौजूद रहे।
-----------
पार्षद का फर्जी लेटरपैड लगाकर करा लिया सत्यापन
झांसी। महानगर में जनप्रतिनिधियों के फर्जी लेटरपेड का उपयोग कर सत्यापन कराया जा रहा है। नगर निगम के वार्ड 22 की पार्षद गायत्री आदर्श गुप्ता का फर्जी लेटरपैड और मुहर इस्तेमाल कर एक युवक ने पुलिस से सत्यापन करा लिया। पार्षद को जानकारी हुई, तो उन्होंने एसएसपी से शिकायत की है। पार्षद गायत्री आदर्श गुप्ता ने बताया कि राजू पुत्र ज्वालाप्रसाद निवासी राजगढ़ नाम के युवक ने फर्जी लेटरपैड बनवाकर प्रेमनगर थाने में दे दिया। प्रेमनगर थाना पुलिस ने जब पार्षद से संपर्क किया, तो उन्होंने ऐसा कोई सत्यापन न करने की बात कही। पार्षद ने फर्जीवाड़ा करने वाले युवक के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की है।
-----------
एक ही दिन में खुल गए टेंडर
झांसी। नगर निगम के जनकार्य विभाग में नई पहल की गई है। विभाग ने निविदा खोले जाने की तिथि को ही टेंडर खोलकर जांच शुरू की। दरअसल, अब तक नगर निगम के जनकार्य विभाग में आने वाली निविदाओं को अधिकतर तिथि निकलने के करीब सप्ताहभर बाद खोला जाता था। हाल ही में नगर निगम ने 77 निर्माण कार्यों के टेंडर निकाले थे। जिनकी अंतिम तिथि 23 मार्च थी और इसी दिन निविदाओं को खोलकर जांच की जानी थी। मुख्य अभियंता एस अंबेडकर के निर्देश पर 23 मार्च को ही टेंडर खोले गए। ऐसे में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।