झांसी। बुधवार को नगर निगम की ओर से सड़क किनारे अतिक्रमण करने और गंदगी फैलाने वाले 20 दुकानदारों से 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्हें दोबारा अतिक्रमण करने या गंदगी फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अपर नगर आयुक्त मो. कमर और सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अधिकारियों ने अभियान की शुरुआत झलकारी बाई तिराहा से की। वहां एसपीआई इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे की दुकानों में ऑटोमोबाइल रिपेयर का काम करते लोग मिले। उसके बाद टीम जीवनशाह तिराहे से नगर निगम की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंची। वहां भी जुर्माना लगाया गया। इसके बाद दस्ता परशुराम चौक पहुंचा और वहां से इलाइ्रट तक सभी दुकानदार सड़क किनारे अतिक्रमण करते मिले। अभियान में अतिक्रमण प्रभारी प्रदीप अग्निहोत्री, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक व प्रवर्तन दल प्रभारी रिटायर्ड कर्नल सुरेश कुमार सिंह टीम के साथ मौजूद थे।