झांसी। जिले की समाजसेवी संस्थाएं टीबी से ग्रसित बच्चों की मदद के लिए आगे आई हैं। क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सरकार ने 18 साल से कम आयु के टीबी पीड़ित बच्चों को समाजसेवी संस्था द्वारा गोद लेने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अभी जनपद में 37 बच्चे टीबी रोगी हैं। इन सभी को नौ संस्थाओं ने गोद लिया है। इनमें 30 बच्चे झांसी के, दो बामौर के, चार मऊरानीपुर के और एक गुरसराय की संस्था ने गोद लिए हैं।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजकिशोर ने बताया कि संस्थाएं गोद लिए बच्चों की नियमित मानीटरिंग का कार्य करेंगी। साथ ही उन्हें पौष्टिक आहार की व्यवस्था कराएंगी। यह भी ध्यान रखेंगी कि बच्चे समय से अपनी दवाएं लेते रहें और समय-समय पर अपनी नियमित जांच कराते रहें। लायंस क्लब झांसी के असित गुप्ता ने कहा कि पिछले दो साल से वह अत्यधिक बच्चों का ग्रुप बनाकर उन्हें गोद ले रहे हैं। इनके लिए प्रोटीन पाउडर, टॉनिक मुहैया करा रहे हैं। अभी तक उनके द्वारा 35-40 बच्चों को लाभ मिल चुका है। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के मनमोहन मनु ने बताया कि उन्होंने बबीना क्षेत्र के तीन बच्चों को गोद लिया है।
इन संस्थाओं ने लिया गोद
21 बच्चों को लायंस क्लब झांसी, दो बच्चों को रोटरी क्लब, तीन बच्चों को भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, दो को सुनील दत्त गोस्वामी, एक बच्चे को महावीर बाल विकास शिक्षा संस्कार केंद्र गुरसराय, एक को संजय सोनी, तीन को अशोक गिरी, दो को डॉ. विशाल अग्रवाल व एक को ध्रुव सिंह यादव ने गोद लिया है।