जिले के 350 होमगार्डों को मिलेगी दोबारा तैनाती
झांसी। पुलिस थानों में तैनात जिले के 350 होमगार्ड के जवानों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा था। लेकिन, अब हटाये गए होमगार्ड के जवानों को वापस तैनाती दी जाएगी। इसके लिए जिला होमगार्ड मुख्यालय को आदेश का इंतजार है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में पच्चीस हजार होमगार्ड जवानों को नौकरी से हटाया गया था। जिसके तहत जिले के थानों व प्रशासनिक अफसरों के साथ तैनात जिले के 350 होमगार्ड जवान बेरोजगार हो गए थे।
लेकिन सरकार के नए आदेश के अनुसार होमगार्ड जवानों को दोबारा से तैनात किया जाएगा। आदेशानुसार आगामी पर्व को देखते हुए ग्रह विभाग के बजट से भुगतान के आधार पर वर्तमान में चल रही व्यवस्था आवश्यकतानुसार आगामी आदेशों तक यथावत रखी जाएं। साथ ही, होमगार्ड विभाग में उपलब्ध बजट की सीमा तक समस्त होमगार्डों की ड्यूटी लगाई जाए। इस खबर के आते ही ड्यूटी खत्म होने वालों होमगार्ड के जवानों में खुशी का माहौल है। इस संबंध में जिला होमगार्ड कमांडेंट अजय प्रताप सिंह ने बताया कि आदेश प्राप्त होते ही सभी साढ़े तीन सौ होमगार्ड जवानों को सूचना देकर वापस तैनाती दी जाएगी।