झांसी। मंगलवार को सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने टेलरिंग शॉप योजना के तहत 35 महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सिलाई मशीन केवल आपके कपड़े ही नहीं सिलती है आपको मुख्य विकास धारा से भी जोड़ती है। पहली बार हाशिए की महिलाओं को सिलाई मशीनों के लिए अधिकार पत्र सौंपा गया है। कहा कि प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री दूरदर्शी योजनाओं से अब प्रदेश बदल रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्व-रोजगार योजना, नगरीय क्षेत्र दुकान निर्माण योजना, लांड्री एवं ड्राईक्लीनिंग योजना के तहत दलितों के दिन बहुरने लगें हैं। दलित बाहुल्य गांव में भी विकास के कार्यों के लिए प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत कार्य शुरू किए जा रहे हैं। जिसमें झांसी के 64, जालान के 75 और ललितपुर के 14 गांव शामिल किए गए हैं। कहा कि बाबा साहेब को लेकर पूर्व सरकारों ने दोगला रवैया अपनाया है।