झांसी। पिछले 35 दिनों तक चले मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिले की चारों विधानसभाओं से 50,395 लोगों ने वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है। इनमें से आधे ये ज्यादा फार्म झांसी सदर विधानसभा से भरे गए हैं। पांच जनवरी को फाइनल सूची जारी की जाएगी।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी तेजी से जारी है। मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के लिए एक नवंबर से पांच दिसंबर तक पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अवधि में जिले की चारों विधानसभाओं से 50,395 आवेदन (फार्म - 6) पहुंचे हैं। सबसे ज्यादा 27,905 आवेदन झांसी सदर विधानसभा, बबीना से 8,182, मऊरानीपुर से 7175 व गरौठा विधानसभा से 7133 लोगों ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है। इनकी जांच का काम जारी है। पांच जनवरी को आयोग की ओर से फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी।
तीन हजार रिजेक्ट, 19 हजार स्वीकृत
झांसी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आए आवेदनों की जांच का काम जारी है। जांच में अब तक 3,121 आवेदन निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि 19,141 स्वीकार कर लिए गए है। जबकि, बाकी सभी 28,133 फार्मो की जांच का काम जारी है।