झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) परिसर एवं संबद्ध कॉलेजों के यूजी-पीजी प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के करीब 32 हजार विद्यार्थी परीक्षा फाॅर्म नहीं भर सके हैं। मंगलवार को विद्यार्थी फाॅर्म नहीं भरे सकेंगे। बुधवार या बृहस्पतिवार को अंतिम मौका देते हुए फिर तीन दिन के लिए फाॅर्म भरने का अंतिम मौका मिलेगा।
बीयू के अनुसार यूजी-पीजी पंचम, सप्तम और नौवें सेमेस्टर के 69 हजार विद्यार्थियों में से 65 हजार ने परीक्षा फाॅर्म भर दिए हैं। वहीं, यूजी-पीजी प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के 1.82 लाख विद्यार्थियों में से सोमवार शाम तक 1.50 लाख ने परीक्षा फाॅर्म भरा, जबकि करीब 32 हजार वंचित रह गए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को छूटे हुए विद्यार्थी परीक्षा फाॅर्म नहीं भर सकेंगे, क्योंकि रात 12 बजे साइट बंद कर दी गई। इसके बाद बीयू प्रशासन बुधवार या बृहस्पतिवार को अंतिम मौका देने की हिदायत से साथ तीन दिन के लिए फाॅर्म भरने का मौका देगा।
परीक्षाएं 25 से, प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की दिसंबर से
बीयू प्रशासन यूजी-पीजी विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू करने जा रहा है। खास बात यह कि यह परीक्षाएं पंचम, सप्तम व नौवें सेमेस्टर की होंगी। प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 10 या 12 दिसंबर से शुरू होंगी और 20 जनवरी तक चलेंगी।
-वर्जन
बीयू यूजी-पीजी विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू कराएगा। रही बात प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की, तो यह दिसंबर में शुरू होंगी और जनवरी तक चलेंगी। मंगलवार को प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के 32 हजार विद्यार्थी परीक्षा फाॅर्म नहीं भर सकेंगे। एक-दो दिन बाद तीन दिन के लिए फाॅर्म भरने के लिए साइट अंतिम हिदायत के साथ खुलेगी।
-राजबहादुर, परीक्षा नियंत्रक, बीयू