खराब हैंडपंप दुरुस्त नहीं करा रहा जल संस्थान
नगर निगम ने दिए हैं 37 लाख रुपये, कई वार्डों में पानी की किल्लत
- अब सदन की बैठक में होंगे सवाल-जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महानगर के कई वार्डों में पेयजल संकट गहराने लगा है। इन वार्डों में पाइप लाइन नहीं है, इसलिए हैंडपंप ही सहारा हैं। नगर निगम ने हैंडपंपों की मरम्मत को 37 लाख रुपये जल संस्थान को दे दिए हैं, लेकिन अभी हैंडपंप दुरुस्त करने का काम शुरू नहीं हो सका है। पार्षदों की शिकायतों पर नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया ने निर्णय लिया है कि सदन की बैठक में जल संस्थान के अफसरों को बुलाकर सवाल-जवाब किया जाएगा।
वार्ड 52 मुकरयाना के पार्षद अनीस ने नगर आयुक्त को बताया कि उनके वार्ड में 28 हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिससे पानी नहीं आ रहा है। इसी तरह वार्ड 48 मेवातीपुरा के पार्षद सुलेमान अहमद मंसूरी ने बताया कि उनके वार्ड में आठ हैंडपंप खराब हैं। वार्ड 39 बाहर दतियागेट से पार्षद अजीदा मकरानी ने बताया कि उनके वार्ड के दस हैंडपंप खराब हैं। उन्होंने कहा कि आठ दिन से पानी की सप्लाई ठप पड़ी है, बार-बार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। यदि यही स्थिति रही तो गर्मियों में पेयजल संकट गहरा सकता है। किसी हैंडपंप में चेन खराब है तो किसी में पाइप लीकेज कर रहे हैं। उन्होंने हैंडपंप सही कराने की मांग की।
नगर आयुक्त ने बताया कि जल निगम को पाइप लाइन डालने के लिए 1.52 करोड़ रुपये और जल संस्थान को हैंडपंप की रिपेयरिंग के लिए 37 लाख रुपये 27 फरवरी को जारी किए जा चुके हैं। उनकी जिम्मेदारी है कि जल्द से जल्द हैंडपंप दुरुस्त कराएं।
निर्णय लिया गया कि 17 मार्च को होने वाली सदन की बैठक में जल संस्थान के अफसरों को बुलाया जाएगा, ताकि हैंडपंप सही कराने के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सके।
महिला शौचालय में दरवाजा नहीं
वार्ड 52 के पार्षद अनीस ने बताया कि उनके वार्ड में बने सार्वजनिक महिला शौचालय में दरवाजा नहीं है। इससे महिलाओं को असुविधा होती है। वह अपने साथ बच्चे को ले जाती हैं, बच्चा बाहर खड़ा रहता है और आने जाने वालों को टोकता है। उन्होंने शौचालय का दरवाजा लगवाने की मांग की। पार्षद ने यह भी बताया कि शौचालय की सफाई के लिए जेटक्लीनिंग मशीन नियमित नहीं जा रही है। सफाई कर्मचारियों की बीट तैयार नहीं हुई है, जिससे सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है।
20 सफाई कर्मचारी तैनात करने की मांग
बाहर दतिया गेट की पार्षद अजीदा मकरानी ने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर कहा कि वार्ड 39 की आबादी 25 हजार है, जबकि नगर निगम की सूची में 9,706 आबादी दर्शाई गई है। सफाई के लिए 29 कर्मचारियों की जरूरत है, इसलिए 20 सफाई कर्मचारी बढ़ाए जाएं।
एक महीने से बंद है सैनिक पार्क की लाइट
झांसी। खुशीपुरा के पूर्व पार्षद सुरेश चंद्र गोपी ने नगर आयुक्त को बताया कि उनके वार्ड में बने सैनिक पार्क में लाइट नहीं जलने के कारण अंधेरा रहता है, इस कारण शाम को सात बजे से ही पार्क बंद करना पड़ता है। उन्होंने लाइटें सही कराने की मांग की है।