किसानों के अच्छे दिन, गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ा
इस बार 1,735 रुपये में खरीदेगी सरकार, एक अप्रैल से होगी खरीद
भीड़ से बचने को किसान करा सकते हैं ऑनलाइन बुकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
किसानों के लिए अच्छी खबर है। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 1,625 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1,735 रुपये कर दिया गया है। खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी। किसानों को खरीद केंद्रों पर भीड़ से बचने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है।
गेहूं कितना खरीदा जाएगा, इसका अभी निर्धारण नहीं हुआ है। इसका निर्धारण गेहूं की फसल आने के बाद उसके उत्पादन के आधार किया जाएगा। पिछले साल झांसी मंडल में 3.10 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई थी। झांसी में खरीद का लक्ष्य 1.51 लाख मीट्रिक टन था, जबकि गेहूं की खरीद 1.13 लाख मीट्रिक टन हुई थी। ललितपुर में 1.11 लाख मीट्रिक टन के सापेक्ष 1.05 लाख मीट्रिक टन और जालौन में 1.03 लाख मीट्रिक टन के सापेक्ष 82.49 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई थी। पिछले साल जिले में 25,802 किसानों ने गेहूं बेचा था, जबकि ललितपुर में 19,788 किसानों और जालौन में 20,165 किसानों ने गेहूं बेचा था। कुल 66,883 किसानों ने गेहूं बेचा था।
जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विजय बहादुर सिंह को समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत गेहूं खरीद का प्रभारी अधिकारी नामित किया है। संभागीय विपणन अधिकारी सत्येंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि गेहूं खरीद में लगने वाली भीड़ से बचने के लिए किसान वेबसाइट fcs.up.nic.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर सुविधाजनक तरीके से गेहूं बेच सकते हैं।
मप्र सरकार दे रही बोनस
मध्यप्रदेश में गेहूं बेचने के लिए किसानों को समर्थन मूल्य के अलावा दो सौ रुपये बोनस दिया जाएगा। इसका असर जिले की गेहूं खरीद पर पड़ेगा, क्योंकि जिला के बार्डर पर मध्यप्रदेश होने के कारण यहां का किसान मध्यप्रदेश में गेहूं बेचने जाएगा।