अमर उजाला ब्यूरो
शहर के कटरा बाजार में अव्यवस्थाओं की भरमार है। सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय का अभाव, गंदगी व अव्यवस्थित पार्किंग जैसी समस्याएं भी बनी हुई हैं। इस ओर नगर प्रशासन का तनिक भी ध्यान नहीं है।
गौरतलब है कि कटरा बाजार शहर का प्रमुख स्थल है। यहां करीब 500 लोग व्यवसाय करते हैं, जो पेयजल के लिए दो हैंडपंपों पर निर्भर हैं। 28 साल पहले व्यापारियों ने जन सहयोग से एक प्याऊ बनवाया था। बाद में इसे नगरपालिका को सौंप दिया गया, जो पांच सालों से बंद पड़ा है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानदारों ने इसे संचालन के लिए नगर पालिका परिषद के सौंप दिया था, लेकिन पालिका ज्यादा दिन तक रखरखाव नहीं कर सकी। जैसे ही पंप खराब हुआ, पालिका ने भी मुंह मोड़ लिया। अब दुकानदार पालिका के नवीन गठित बोर्ड की ओर देख रहे हैं। प्याऊ का निरीक्षण तो कई बार हो चुका है, लेकिन प्याऊ को किसी ने चालू नहीं कराया। इससे गर्मियों के दिनों में पानी की समस्या खड़ी हो जाती है।
व्यापारियों को लघुशंका इत्यादि के लिए बाजार से 300 मीटर दूर महाकाली लाइन पर स्थित शौचालय तक जाना पड़ता है। कई बार वहां अपनी बारी का इंतजार में खड़े रहना पड़ता है। कटरा बाजार वार्ड नंबर दस के अंतर्गत आता है। इसमें किराना, कपड़ा, साड़ी, रस्सी, जड़ी बूटी, चूना, चूड़ी व सोने, चांदी के आभूषण की दुकानें हैं। जब शादी का सीजन आता है तो बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ जाती है। कई मर्तबा तो यहां जाम जैसे हालात बन जाते हैं। इसका मुख्य कारण पार्किंग का अभाव है। कई खरीदार तो बाजार में अपने दुपहिया वाहन लेकर घुस जाते हैं, इससे अव्यवस्था फैल जाती है। महावीर प्याऊ के पास दुपहिया वाहन बतरतीब खड़े हो जाते हैं। यही स्थिति सोने चांदी की दुकानों के पास भी रहती है। बाजार की साफ-सफाई व्यवस्था भी कुछ खास नहीं है। इस वजह से गंदगी भी जहां तहां दिख जाती है।
पांच साल से खराब है प्याऊ
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. शादीलाल दुबे ने वर्ष 1989 में इस प्याऊ का उद्घाटन किया था। कुछ महीनों तक ठीकठाक चल सकी। लेकिन, पांच सालों से किसी ने प्याऊ के रखरखाव की सुध नहीं ली। नतीजा यह हुआ कि प्याऊ का जेट पंप खराब हो गया। दुुकानदार घर से बोतल भरकर लाते हैं। जरूरत पड़ने पर दुकानदार छोड़कर हैंडपंप पर पानी भरने के लिए जाना पड़ता है।
राजू पटवा
दुकानदार
प्रसाधन की समस्या जस की तस
बाजार में प्रसाधन की सबसे बड़ी समस्या है। न तो पुरुष और न ही महिलाओं के लिए कोई प्रसाधनालय बना है। यदि नगर पालिका परिषद गोमती कांप्लेक्स के मालिक से खाली भूमि के संबंध में बातचीत करे तो इस समस्या का समाधान हो सकता है।
रामकिशन, दुकानदार
बगैर पार्किंग हो रही समस्या
कटरा बाजार में जब तक वाहन पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक बाजार की सुंदरता लौटने वाली नहीं है। बाजार में जहां जगह खाली दिखती है, खरीदार अपना दुपहिया वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे आवाजाही में समस्या उत्पन्न होती है। यदि दुकानदार किसी से कहते हैं तो दुपहिया वाहन चालक झगड़ा करने के लिए उतारू हो जाते हैं।
नरेंद्र पटैरिया, विक्रेता
अतिक्रमण में बाधक बन रहे हाथ ठेला
बाजार में जो अतिक्रमण पसर रहा है, उसमें हाथ ठेला बाधक बन रहे हैं। यदि हाथ ठेला को व्यवस्थित कर दिया जाए, तो बाजारों में कुछ हद तक अतिक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सकता है। नगर पालिका परिषद प्रशासन से मिलकर इस दिशा में कार्य करें।
अजय जैन, साइकिल विक्रेता
.......
अध्यक्ष के समक्ष रखेंगे समस्याएं
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के समक्ष वार्ड की समस्याओं को रखेंगे। गर्मी सीजन के पहले ही कटरा बाजार की प्याऊ का चालू करवाया जाएगा। दुकानदारों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
अफुजल रहमान
सभासद, वार्ड नंबर दस कटरा बाजार
.......
प्याऊ की कराएंगे मरम्मत
कटरा बाजार में प्याऊ खराब होने की जानकारी मिली है। इसकी वास्तविक स्थिति पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
रजनी साहू, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद ललितपुर।