बीयू का दीक्षांत समारोह 10 नवंबर को, समितियां गठित
- 15 अक्तूबर तक पदकों, उपाधियों की सूची फाइनल हो सकती
- समारोह में अतिथियों को नहीं भेंट किए जाएंगे महंगे गुलदस्ते
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के लिए समितियों का गठन कर दिया गया है। पदक व शोध उपाधि समिति द्वारा 15 अक्तूबर तक पदकों, उपाधियों की सूची फाइनल करने की संभावना है। खास बात यह है कि समारोह में अतिथियों को महंगे गुलदस्ते नहीं भेंट किए जाएंगे।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का 22वां दीक्षांत समारोह 10 नवंबर को होना है। इसके लिए पंडाल निर्माण, मंच सज्जा एवं आसन व्यवस्था, पदक एवं शोध उपाधि, स्मारिका मुद्रण, जलपान भोजन व्यवस्था, यातायात, विद्युत, जलापूर्ति, संचालन, अनुश्रवण आदि कमेटियों का गठन कर दिया गया है। मंगलवार को दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें सभी कमेटी सदस्यों में तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए गए। इस बार के दीक्षांत समारोह में अतिथियों को महंगे गुलदस्ते नहीं दिए जाएंगे। साथ ही विश्वविद्यालय में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भी महंगे गुलदस्ते नहीं भेंट करने का फैसला लिया गया है। कुलसचिव प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि 15 अक्तूबर तक पदकों, उपाधियों की सूची फाइनल हो सकती है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में शासनादेश के अनुसार एकल फूल देकर अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। गौरतलब है कि 24 सितंबर को बीयू में हुए पुरातन छात्र सम्मेलन में परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्रदेव सिंह समेत अतिथियों को शासनादेश के विपरीत गुलदस्ते देने का मामला ‘अमर उजाला’ ने उठाया था। इसके बाद बीयू ने शासनादेश का पालन करने का फैसला किया है।