290 किलो नमकीन सीज, 120 किलो लड्डू नष्ट किए
झांसी। शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिजौली स्थित नमकीन निर्माता के यहां छापा मारकर नमकीन व बेसन के लड्डू के नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया है। टीम ने मौके पर ही लगभग 290 किलो नमकीन सीज किया और फफूंदी पाए जाने पर 120 किलो बेसन के लड्डू नष्ट कराए।
नवरात्र और दशहरे के त्योहार के मद्देनजर जनपद में पिछले एक सप्ताह से मिलावट के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग अभियान चला रहा है। शनिवार को अभिहित अधिकारी राजेश द्विवेदी ने खुद टीम का नेतृत्व करते हुए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद यादव, जितेंद्र सिंह और आजाद कुमार के साथ सूचना पर बिजौली स्थित राजेश गर्ग के कारखाने पर छापा मारकर लगभग 42,000 रुपये की खाद्य सामग्री सीज व नष्ट कराई। इनमें नमकीन, बेसन के लड्डू शामिल थे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान में टीम ने अभी तक सूखे मेवे, मिठाई, कुट्टू का आटा, दूध, नमकीन और फल के 16 नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने पर कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, उन्होंने बताया कि आगे भी छापामार कार्रवाई जारी रखेगी।
अवैध खाद्य कारोबारी पर सात लाख जुर्माना
मिलावट करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने न सिर्फ नकेल कस रखी है, बल्कि प्रभावी पैरवी से उन पर भारी जुर्माना भी लगाया जा रहा है। एक प्रकरण में सीपरी बाजार के खाद्य कारोबारी राजू जैन पर अमानक खाद्य तेल (मानकों के विपरीत) बेचने पर न्याय निर्णायक अधिकारी की कोर्ट ने सात लाख रुपये जुर्माना लगाया।