अस्पताल में पल रहा था डेंगू का लार्वा
झांसी। शहर के अस्पतालों में भी साफ-सफाई का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लंबे समय तक साफ पानी की सफाई न करने से यहां भी डेंगू का लार्वा पनप रहा है। शनिवार को जर्मनी अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई छापेमारी में 13 कूलरों में से 11 में डेंगू का लार्वा मिला। इस पर विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया है।
पिछले दिनों हुई लगातार बारिश और उमस ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ऐसे ही मौसम में घर या कार्यालयों के आसपास पानी भरने और सफाई न रखने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। इसको मद्देनजर रखते हुए शनिवार को सीएमओ डॉ. सुशील प्रकाश ने जर्मनी अस्पताल और निगम हॉस्पिटल का निरीक्षण कर डेंगू लार्वा की जांच की। निगम हॉस्पिटल में पांच कूलर देखे और किसी में भी डेंगू का लार्वा नहीं मिला। वहीं, जर्मनी अस्पताल में 13 कूलर में डेंगू के लार्वा की जांच की गई। इसमें 11 कूलर में अधिक मात्रा में डेंगू का लार्वा पाया गया है। इस पर जर्मनी अस्पताल के प्रबंधक को नोटिस दिया गया है।
सीएमओ ने कहा कि अस्पताल एक ऐसी जगह है, जहां मरीज बीमार हालत में स्वस्थ होने के लिए आता है। ऐसे में बीमारी की हालत में यदि उसे डेंगू का मच्छर काटता है, तो ये बीमारी और होने की संभावना रहती है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी नर्सिंगहोम, होटल व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों आदि के संचालक हर रविवार अभियान चलाकर अपने यहां के कूलरों को खाली कराकर दोबारा पानी भरें। डेंगू का लार्वा रुके हुए पानी में ही पनपता है। कहा कि हमें अपने आसपास भी सफाई रखनी चाहिए और जहां भी पानी एकत्रित है, उन जगहों को खाली करना चाहिए। निरीक्षण करने वाली टीम में एसीएमओ डॉ. एनके जैन, जिला मलेरिया अधिकारी आरके गुप्ता, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयश्री शुक्ला, कार्तिक आर्या, विजय बहादुर उपस्थित रहे।
अब तक मिल चुके नौ मरीज
संचारी रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. राजकिशोर ने बताया कि पिछले वर्ष जनपद में 288 डेंगू के मरीज मिले थे। इस वर्ष अब तक नौ मरीज मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह समय डेंगू के लिए सबसे उत्तम है। इस मौसम में डेंगू ज्यादा फैलता है, इसीलिए सावधानी रखनी बहुत जरूरी है।