बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएलएड की प्रवेश परीक्षा में 88 फीसदी छात्र-छात्राओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। झांसी के अलावा इलाहाबाद, लखनऊ और गाजियाबाद में भी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई।
बीएलएड के लिए 2,930 छात्र-छात्राओं ने फॉर्म भरा था। सोमवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चली प्रवेश परीक्षा में 2,590 छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए, जबकि 340 अनुपस्थित रहे। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा भवन में पंजीकृत 2,426 परीक्षार्थियों में 2,196 ने परीक्षा दी। इसी प्रकार, इलाहाबाद में पंजीकृत 226 विद्यार्थियों में 221, लखनऊ में रजिस्टर्ड 227 में 164, गाजियाबाद में 11 में आठ छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।
साढ़े ग्यारह हजार की परीक्षा आज
आज बुधवार को 26 विषयों के लिए साढ़े ग्यारह हजार छात्र-छात्राओं की परीक्षा होगी। इसमें बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस के लिए 9,675 और इलाहाबाद, लखनऊ व गाजियाबाद केंद्रों के लिए लगभग 1,850 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इन कोर्सों की परीक्षा तीन शिफ्टों में होगी। प्रथम शिफ्ट सुबह नौ से 11, द्वितीय दोपहर एक से तीन और तृतीय शिफ्ट शाम चार से छह बजे तक चलेगी। बीयू में परीक्षा के लिए कई केंद्र बनाए गए हैं।