- चोरों ने पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों भी तोड़े
- पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। टहरौली खास की हरिजन बस्ती में देसी शराब के ठेके का ताला तोड़कर चोर 25 पेटी देसी शराब, चार हजार रुपये नकद, मोबाइल व सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी कर ले गए। चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों में भी तोड़फोड़ की।
शराब ठेकेदार ब्रजेश पुत्र चतुर्भुज राय निवासी ग्राम सेंदरी ने टहरौली थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि बुधवार रात लगभग 10 बजे सेल्समैन दुकान बंदकर घर चला गया था। रात में अज्ञात चोरों ने ठेके का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त करने के बाद डीवीआर भी अपने साथ ले गए। ठेकेदार के अनुसार चोर केवल 25 पेटी शराब ही ले गए, जबकि ठेके पर रखी अन्य पेटियां सुरक्षित मिलीं।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हनुमान तिराहे से बघेरा मार्ग पर करीब दो-तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित शराब के ठेके पर चोरी की घटना से आसपास के व्यापारियों और लोगों में भय है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर देर रात तक वाहनों की आवाजाही रहती है, इसके बावजूद चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रभाकांत साहू ने बताया कि शराब ठेके में चोरी की घटना संज्ञान में आई है। घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।