झांसी। चकबंदी लेखपाल के पद के लिए रविवार को हुई सामान्य चयन परीक्षा में 25,705 प्रतिभागियों ने भाग नहीं लिया। परीक्षा में 54,844 प्रतिभागियों को शामिल होना था। दो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
परीक्षा के लिए जिले में 52 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें पूर्वाह्न 11 से दोपहर एक बजे तक एवं अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक दो पालियों में 29,139 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा को नकल विहीन व शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सहायक पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए थे।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन रमाशंकर गुप्ता ने बताया कि चकबंदी लेखपाल की सामान्य चयन परीक्षा में प्रथम पाली में 27,380 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। परीक्षा में 14,663 परीक्षार्थी शामिल हुए। 12,717 परीक्षार्थी नहीं आए। द्वितीय पाली में 27,646 परीक्षार्थी शामिल होने थे, लेकिन 12,988 ने परीक्षा को पीठ दिखा दी। 14,476 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
जिले मेें हुई परीक्षा में पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार के कई जिलों से आए प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया। रेलवे स्टेशन पर परीक्षा खत्म होने के बाद परीक्षार्थियों का जमावड़ा रहा। बिहार से आए कई परीक्षार्थियों ने परीक्षा खत्म होने के बाद अपने परिजनों को फोन लगाकर चुनाव परिणामों की जानकारी भी ली।