झांसी। मुख्यमंत्री ने जिले के 4,631 लाभार्थियों के बैंक खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत धनराशि ट्रांसफर कर दी है। उन्होंने लाभार्थियों से वर्चुअल माध्यम से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में अब तक 40 लाख आवास लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गए हैं। किसी भी हाल में आवास निर्माण का कार्य रुकना नहीं चाहिए। धनराशि की कमी नहीं होगी। नोडल अधिकारी यह देखें कि गृह निर्माण सामग्री लाभार्थियों को उचित दाम पर उपलब्ध हो। निर्माण कार्यों की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा भी करें। लाभार्थियों से कहा कि वे अपने घरों में सहजन का पौध रोपें। डीएम आंद्रा वामसी ने एनआईसी कक्ष में बताया कि जिले में 4,631 लाभार्थियों को 24 करोड़ 66 लाख 50 हजार की धनराशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है। जन प्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर मेयर रामतीर्थ सिंघल, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा, विधायक मऊरानीपुर बिहारीलाल आर्य, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, पीओ डूडा संगीता सिंह मौजूद रहीं।