झांसी। मंगलवार को 3383 जांच में कोरोना वायरस के 23 नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा 9557 पहुंच गया है। वहीं, 33 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया या। अब तक जनपद में कोविड की साढ़े तीन लाख जांचें पूरी हो चुकी हैं।
दीपावली के बाद बढ़ा कोरोना वायरस का ग्राफ दो-तीन दिनों में कुछ गिरता नजर आ रहा है। पुलिस की तरफ से मास्क न पहनने वालों के खिलाफ दो हजार रुपये के चालान करने के बाद अब घरों से बाहर निकलने पर ज्यादातर लोग मास्क लगा रहे हैं। इसी कारण हाल ही में मास्क की बिक्री में 90 फीसदी तक इजाफा हुआ है। माना जा रहा है कि इसी कारण कोरोना का ग्राफ कुछ कम हुआ है। मंगलवार को ट्रू नेट के तीन, आरटीपीसीआर के 837 और एंटीजन किट से 2553 सैंपलों की जांच की गई और 23 नए मरीज सामने आए। अब झांसी में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 9557 पहुंच गया है। मौजूदा समय में एक्टिव केस 345 है। रिकवरी रेट 94.60 फीसदी और मृत्यु दर 1.7 प्रतिशत है। मौजूदा समय में अस्पताल में 17 गंभीर मरीज भर्ती हैं।