23 दिन बाद आज साकार होगी गांव की सरकार
झांसी। चुनाव जीतने के करीब 23 दिन बाद गांव की सरकार कायम हो सकेगी। ग्राम प्रधान समेत ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानोें को शपथ ग्रहण का प्रारूप भेज दिया गया है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए पंचायती राज के इतिहास में यह पहला मौका है जब शपथ वर्चुअल माध्यम से कराई जा रही है। ब्लॉक स्तर पर बीडीओ की देखरेख में यह शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण मंगलवार एवं बुधवार को कराई जाएगी। शासनादेश के मुताबिक नवनिर्वाचित प्रधान निजी आवास पर शपथ नहीं ले सकेंगे। शपथ के लिए उनको गांव के पंचायत भवन, किसी सार्वजनिक स्थान अथवा विद्यालय आना होगा। यहीं से वह शपथ ले सकेंगे। शपथ सिर्फ सिर्फ उन्हीं ग्राम पंचायत के प्रधानों को दिलाई जाएगी, जिनके कोरम पूरे हुए हों। कोरम पूरा होने के लिए ग्राम पंचायत में प्रधान समेत कम से कम दो तिहाई ग्राम पंचायत सदस्यों का निर्वाचित होना अनिवार्य है। झांसी की कुल 496 ग्राम पंचायतों में 380 ग्राम पंचायतों में ही यह कोरम पूरा हो सका है। ऐसे मेें इन्हीं ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी जबकि 116 पंचायतों में कोरम पूरा न होने से यहां शपथ ग्रहण नहीं होगा। उधर, शपथ ग्रहण को लेकर पंचायती राज विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। शपथ ग्रहण भले वर्चुअल माध्यम से कराई जाएगी लेकिन, प्रधानों को इसके लिए सार्वजनिक स्थानों तक आना होगा।
इनसेट
पहली बैठक से गिना जाएगा कार्यकाल
शपथ लेने के बाद भी प्रधानों को बस्ता का इंतजार करना होगा। यह बस्ता उनको ग्राम पंचायत की पहली बैठक होने के बाद दिया जाएगा। बस्ता के साथ डोेंगल भी उसी दिन मिलेगा। ग्राम प्रधान को वित्तीय ताकत इसी के बाद मिलेगी। इसके बाद उनके बैंक खाते भी खुलवाए जाएंगे हालांकि इस प्रक्रिया के पूरा होने में कम से कम दो सप्ताह लग जाएंगे। पंचायती राज विभाग इन सबकी तैयारियों में जुटा है। जिला पंचायत राज अधिकारी जगदीश राम का कहना है कि शासनादेश के मुताबिक पहली बैठक से ही कार्यकाल आरंभ माना जाएगा।