अब 10 मार्च से जचेंगी कॉपियां
झांसी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाओं का मूल्यांकन अब 10 मार्च से शुरू होगा। पहले इसकी तिथि आठ मार्च थी लेकिन टीजीटी परीक्षा होेने के कारण प्रयागराज बोर्ड ने तिथि बढ़ा दी है। इस बार दो लाख 20 हजार कापियां हाईस्कूल में तथा इंटर में एक लाख 70 हजार उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएंगी।
बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं दो मार्च को समाप्त हो गई हैं। परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग पूर्व में आठ मार्च को मूल्यांकन तिथि शुरू होना बता रहा था लेकिन टीजीटी की परीक्षाएं दो दिन होने के कारण तिथि बढ़ा दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि हाईस्कूल की नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज में तथा इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन राजकीय इंटर कॉलेज में होगा। परीक्षकों की तैनाती बोर्ड ने कर दी है। उनके परिचय पत्र भी प्राप्त हो गए हैं, जो वह प्राप्त कर लें। मूल्यांकन के दौरान फर्नीचर, पेयजल तथा बिजली आदि की संपूर्ण व्यवस्था चौकस रहेंगी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था भी पर्याप्त रहेगी।
1209 परीक्षक करेंगे जांच
हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाएं जिले में 446 परीक्षक जांचेंगे और इनके 46 डिप्टी हेड होंगे। इंटर में 763 परीक्षकों पर 81 डिप्टी हेड तैनात किए गए हैं। हाईस्कूल में एक परीक्षक को 50 से 55 और इंटरमीडिएट में 40 से 45 उत्तर पुस्तिकाएं जांचनी होंगी।
नौ परीक्षा केंद्रों में होंगी टीजीटी की परीक्षाएं
आठ व नौ मार्च को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा (टीजीटी) जिले के नौ परीक्षा केंद्रों में होगी। पहले दिन सुबह की पाली में 4613, दूसरी पाली में 4644 और नौ मार्च को दूसरे दिन सुबह की पाली में 3794 और 3442 परीक्षार्थी बैठेंगे। डीआईओएस डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि कंट्रोल रूम उनके कार्यालय में बनेगा। परीक्षा के नोडल प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट होंगे। तीन सचल दल और नौ पर्यवेक्षक सक्रिय रहेंगे।