ग्वालियर रोड पर जाम में फंसे लोग
झांसी। सड़क पर डामरीकरण कार्य के चलते रविवार की शाम ग्वालियर रोड पर वाहन जाम में फंसे रहे। लोगों ने शॉर्टकट रास्तों से वाहन निकालने की कोशिश की तो वहां भी वह आमने-सामने आ गए। इससे लोग दो घंटे से अधिक समय तक परेशान होते रहे।
ग्वालियर रोड क्रासिंग से बीकेडी के बीच डिवाइडर के एक तरफ सिद्धेश्वर मंदिर तक डामरीकरण का काम पूरा हो गया है, जबकि दूसरी तरफ का कार्य चल रहा है। इस वजह से एक तरफ के मार्ग से ही वाहन निकल पा रहे हैं। रविवार की शाम सिद्देश्वर मंदिर के पास वाहन आमने-सामने आने के बाद फंस गए। इससे जाम लग गया। लोगों ने होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर और दतिया गेट के रास्ते शॉर्ट कट अपनाकर निकलने की कोशिश की तो इन रास्तों पर भी उनके वाहन फंस गए। दतिया गेट के रास्ते में सब्जी बेचने वाले और दुकानों के बाहर अतिक्रमण होने से यहां भी निकलना मुश्किल हो गया। दो घंटे तक लोग जाम से जूझते रहे।