डाकघर में मिलेंगे एलईडी लाइट और पंखे
सब हेड: नौ अक्तूबर से 13 स्थानों पर शुरू होगी बिक्री
- बिजली विभाग के साथ हुआ करार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। डाकघरों से अब डाक सामग्री के साथ-साथ एलईडी लाइट और पंखे भी बेचे जाएंगे। इसके लिए डाक विभाग और बिजली विभाग के बीच करार हुआ है। झांसी मंडल के 13 डाकघरों से बिक्री नौ अक्तूबर से शुरू की जाएगी।
डाक विभाग भी अब अपने डाकघरों के माध्यम से बिजली की बचत करने वाले बल्ब, ट्यूब लाइट व पंखों को बाजार दर से कम पर ग्राहकों को बेचेगा। एलईडी बल्ब की कीमत 70 रुपये व तीन साल वारंटी होगी। जबकि, एलईडी ट्यूब लाइट 220 रुपये व फाइव स्टार रेटिंग वाला पंखा 1100 रुपये में बिकेगा। इनकी भी वारंटी तीन साल होगी। इन उपकरणों की बिक्री नौ अक्तूबर से शुरू होगी। प्रवर डाक अधीक्षक उग्रसेन ने बताया कि मंडल के 13 डाकघरों से एलईडी लाइट और पंखों की बिक्री की जाएगी। झांसी में प्रधान डाकघर समेत सीपरी बाजार, शहर, बबीना कैंट, मऊरानीपुर, चिरगांव और मोंठ के डाकघरों से बिक्री होगी। जबकि, जालौन के चार और ललितपुर प्रधान डाकघर और तालबेहट स्थित डाकघरों से एलईडी लाइट और पंखों की बिक्री की जाएगी। प्रवर डाक अधीक्षक ने बताया कि इसके लिए तैयारियां जारी हैं। लाइट और पंखे रखने के लिए डाकघरों में जगह बनाई जा रही है। लाइट और पंखे बेचने पर विभाग को कमीशन मिलेगा। बिजली की खपत कम करने में योगदान भी रहेगा।