बगैर बिल की दवाएं सील
सब हेड: एफडीए की टीम ने की कार्रवाई, दो नमूने लिए
- सप्ताह भर चलेगा जांच अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मंगलवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) की टीम ने जेल चौराहे के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। यहां बगैर बिल की 19 हजार रुपये की दवाएं सील की गईं। जबकि, दो दवाओं के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए। अभियान सप्ताह भर जारी रहेगा।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त मिनिस्ती एस के निर्देश पर दवाओं की दुकानों की जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विभागीय टीम ने जेल चौराहे के पास स्थित प्रभात मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान दुकान में उपलब्ध दवाओं और उनसे संबंधित अभिलेखों की जांच की गई, जिसमें लगभग 19 हजार रुपये मूल्य की दवाएं ऐसी मिलीं, जिनके बिल उपलब्ध नहीं थे। इस पर इन दवाओं को तत्काल सील कर दिया गया। वहीं, दुकान में उपलब्ध आई ड्रॉप और एंटी एलर्जिक दवाओं के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। टीम ने कार्रवाई सहायक आयुक्त (औषधि) अतुल उपाध्याय के नेतृत्व में की। टीम में पशुपालन विभाग के अधीक्षक डा. एके भट्ट और औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती शामिल रहे।