मोबाइल एप से जनरल टिकट मिलना शुरू
झांसी। अब मोबाइल से जनरल टिकट बुक कर यात्रा की जा सकेगी। सोमवार को डीआरएम ने यूटीएस ऑन मोबाइल एप की शुरूआत की। रिजर्व टिकट की तरह अब जनरल टिकट भी ऑनलाइन बुक की जा सकेगी। बुकिंग का मेसेज मोबाइल आने के बाद यात्रा की जा सकेगी। सेंटर ऑफ रेलवे इन्फार्मेशन सिस्टम (क्रिस) ने एप तैयार किया है।
रेल यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा भीड़ जनरल टिकट लेने के लिए बुकिंग विंडो पर रहती है। कई बार टिकट लेने के चक्कर में यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे ने जनरल टिकट भी ऑनलाइन बुक करने की व्यवस्था बनाने का फैसला लिया था। सेंटर ऑफ रेलवे इन्फार्मेशन सिस्टम (क्रिस) की ओर से झांसी मंडल ने सोमवार से ‘यूटीएस ऑनलाइन ऐप’ लांच कर दिया।
सोमवार को डीआरएम अशोक कुमार मिश्र ने इसका लोकार्पण कर शुरूआत की। इस व्यवस्था के तहत यात्री घर बैठे टिकट बना सकते हैं। भुगतान करने की सुविधा भी डेबिट व क्रेडिट कार्ड से दी गई है। झांसी मंडल के सभी स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध हो गई।
ऐसे बुक होगा टिकट
यात्री को गूगल प्ले स्टोर से यूटीएस एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद सर्विसेज के लिए रजिस्टर्ड करना होगा। मोबाइल टिकट बुक करने के लिए रजिस्ट्रेशन के बाद पासवर्ड दिया जाएगा। इसके बाद एप में लॉग इन करेंगे। इसमें यात्रा टिकट, सीजन टिकट, यात्रियों की संख्या, सिंगलजर्नी क्लास, ट्रेन टाइप, पेमेंट टाइप, आर वॉलेट या अन्य का उल्लेख करना होगा। इसके बाद मोबाइल में एसएमएस मिलेगा। इसमें टिकट का विवरण और बुकिंग आईडी का उल्लेख मिलेगा। इस मेसेज को दिखाकर यात्रा की जा सकेगी। इसके अलावा एटीवीएम मशीन या बुकिंग कार्यालय से टिकट का प्रिंट निकालकर यात्रा की जा सकती है।