मच्छर का लोगो लगाएं
...............................
छात्र करेंगे डेंगू से बचाव की ‘प्रार्थना’
- स्कूलों में शिक्षक बताएंगे टिप्स, बांटे जाएंगे पैंफ्लेट्स
- घरों में परिजनों को विद्यार्थियों को करना होगा जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बारिश का मौसम है। इस सीजन में ही पानी में डेंगू, मलेरिया के मच्छर पनपते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य महकमा ने लोगों को जागरूक करने के लिए अब स्कूली छात्र-छात्राओं की मदद ली है। स्कूल में प्रार्थना के समय छात्र-छात्राओं को डेंगू, मलेरिया से बचाव के टिप्स दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को अपने परिजनों व आसपास के लोगों को यह टिप्स बताने को कहा जाएगा।
महानिदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि बेसिक, प्राइमरी और जूनियर स्कूलों के शिक्षकों से समन्वय बनाकर उन्हें डेंगू, मलेरिया के प्रति छात्रों को जागरूक करने का प्रशिक्षण दें। साथ ही पैंफ्लेट्स छपवाकर दें। इस संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ. एसके पांडेय ने बताया कि जनपद में बेसिक, प्राइमरी और जूनियर के 1370 स्कूलों के एक-एक शिक्षक को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जल्द ही पैंफ्लेट्स छप जाएंगी। इसके बाद प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक स्कूल में विद्यार्थियों को डेंगू, मलेरिया बीमारियों से बचाव के उपाए बताएगा। उन्हें पैंफ्लेट्स भी दी जाएगी। छात्र-छात्राओं को अपने-अपने घरों में रहने वाले लोगों को यह जानकारी देने को कही जाएगी। ताकि, परिजन संक्रामक बीमारियों से बच सकें।
बॉक्स..
ऐसे करें बचाव
- पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें
- घर में पानी जमा न होने दें
- मच्छरदानी लगाकर सोएं
- पांव में मोजे भी पहनें
बॉक्स..
‘हर रविवार करें डेंगू पर वार’
विद्यार्थियों को हर रविवार ड्राई डे के तौर पर मनाने को कहा जाएगा। दरअसल, मच्छर द्वारा पानी में अंडे देने के बाद सात दिन में लार्वा बनकर मच्छर बनने की प्रक्रिया में आ जाता है। इसलिए यदि हर सातवें दिन घरों के पानी की अच्छे से सफाई की जाए, तो डेंगू के मच्छर नहीं फैल सकेंगे। कूलर आदि में जमें पानी को भी रगड़ कर साफ करना चाहिए, क्योंकि अंडे बने रह गए तो 12 महीने बाद भी पानी भरने पर जीवित रह जाते हैं।