डीजल चोर गिरोह का एक सदस्य पकड़ा
झांसी। आरपीएफ ने करारी रेलवे स्टेशन यार्ड में खड़े मालगाड़ी टैंकर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है।
आरपीएफ ने 20 मार्च को करारी रेलवे स्टेशन यार्ड में खड़ी मालगाड़ी से 40 लीटर डीजल चुराने के आरोप में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के करारी निवासी रामपाल गुर्जर को पकड़ा था। जबकि करारी निवासी विशाल गुर्जर, कप्तान गुर्जर, नीरज कुशवाहा, लकारा निवासी गजेंद्र गुर्जर व रानू परिहार फरार हो गए थे। आरपीएफ ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को रानू परिहार को पकड़ लिया।
चाबी खो गई तो डरकर स्टेशन आ गए
झांसी। चाबी खोने पर मां की डांट के डर से भाई- बहन स्टेशन आ गए। गनीमत रही कि वह आरपीएफ को मिल गए। दोनों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया।
सोमवार को रेलवे प्लेटफार्म एक पर आरपीएफ को दो बच्चे रोते मिल गए। लड़के ने अपना नाम नवाबाद क्षेत्र के गुमनावारा निवासी गोलू बताया। साथ में मौजूद लड़की को बहन बताया। उन्होंने बताया कि घर की चाबी खोने के कारण वह डर गए थे। मां उनको डांटेगी, इसलिए वह डरकर स्टेशन आ गए। मां का गुस्सा शांत होने पर वह घर चले जाते। बाद में दोनों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया, जहां से उनको घर भेजने का इंतजाम होगा। इसीतरह आरपीएफ ने प्लेटफार्म से होली पर परिजनों से झगड़ा होने पर भागकर आए उरई के आटा निवासी छोटू पुत्र बृजेश को पकड़ लिया।