अंतर्राज्यीय बसों का होगा सीमा विस्तार: स्वतंत्रदेव
- परिवहन मंत्री बोले, सड़क सुरक्षा के लिए साल भर चलेगा अभियान
- योग कार्यकर्ता को एनडीए ने बनाया राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि परिवहन निगम जल्द ही कई राज्यों से समझौता करने जा रहा है। इसके तहत अंतर्राज्यीय बसों का सीमा विस्तार होगा। साथ ही बसों की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा। इससे राजस्व बढ़ने के अलावा यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। झांसी के पैरामेडिकल कॉलेज में भाजपा के ‘सबका साथ-सबका विकास’ सम्मेलन में शामिल होने आए स्वतंत्रदेव ने ‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में यह बात कही।
परिवहन मंत्री ने बताया कि शुरूआती दौर में सीमा विस्तार के लिए राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहारी, उत्तरांचल, हरियाणा से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का अनुबंध हुआ है। वहीं, पूर्ववर्ती सपा सरकार द्वारा पुलिस-परिवहन विभाग के समन्वय से दुर्घटना बाहुल्य ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर ठंडे बस्ते में डाल देने की बाबत उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए वह जल्द ही अभियान चलाने वाले हैं। अभियान के तहत जनजागरण, छात्र-छात्राओं के बीच गोष्ठी आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम साल भर तक चलेगा, ताकि लोग जागरूक हो सकें। परिवहन निगम के बस अड्डों पर टूरिस्ट बसों के आवागमन संबंधी सवाल पर बोले कि इसको दिखवाया जाएगा। नियम विरुद्ध कुछ नहीं होने देंगे।
रामनाथ कोविद को एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने पर स्वतंत्रदेव ने कहा कि साधारण, सुलझे और योग्य कार्यकर्ता को मौका मिला है। उच्च पदों पर रहने के बाद भी कोविद सरल, सज्जन रहे। उनको उम्मीदवार बनाने पर संसदीय बोर्ड को बधाई दी।