बुंदेलखंड पैकेज के अंतर्गत बने कुओं से सिंचाई करने के लिए किसानों को डीजल इंजन और पाइप दिए जाएंगे। इसका लाभ जिले के 2,617 किसानों को मिलेगा।
जिले में सिंचाई के संसाधनों की कमी है। इसलिए बुंदेलखंड पैकेज के अंतर्गत कुएं खोदे जा रहे हैं। किसानों को सिंचाई की सुविधा देेने के लिए वाटर लिफ्टिंग डिवाइस योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत ऐसे किसानों को लाभान्वित किया जाएगा, जिनकी खेती योग्य जमीन में कुआं तो है, लेकिन सिंचाई के संसाधन नहीं हैं। योजना के अंतर्गत ऐसे किसानों को डीजल पंप देकर लाभान्वित किया जाएगा। योजना के तहत जिले के 2,617 किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए किसानों का सर्वे शुरू कर दिया गया है।
लघु सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लाभान्वित होने वाले किसानों को साढ़े आठ हार्सपावर का इंजन और 150 मीटर सिंचाई के लिए पाइप दिया जाएगा। इसमें इंजन 35 हजार रुपये कीमत का होगा तथा पाइप 20 हजार रुपये कीमत के होंगे। योजना की खास बात यह है कि इसमें लघु और सीमांत किसान तथा बड़ी जोत वाले किसानों को भी लाभान्वित किया जाएगा।
ब्लाक स्तर पर दुकानें अधिकृत कर दी गई हैं तथा किसानों का सर्वे कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। प्रत्येक कुआं से ढाई हेक्टेयर से लेकर पांच हेक्टेयर तक सिंचाई की जा सकेगी। योजना से दस हजार हेक्टेअर तक जमीन को सिंचाई की सुविधा मिलेगी।
- डी पी वर्मा, अधिशासी अभियंता - लघु सिंचाई विभाग