आरपीएफ कर्मियों पर होगी ई - पेट्रोलिंग एप की नजर
झांसी। आरपीएफ जवानों को ड्यूटी के प्रति जवाबदेह बनाने और यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे बोर्ड ने ई - पेट्रोलिंग एप शुरू किया है। यह एप ऑन ड्यूटी आरपीएफ कर्मियों की हर गतिविधियों पर नजर रखेगा। जल्द ही यह एप झांसी मंडल में भी शुरू होगा।
वर्तमान में ट्रेनों में ड्यूटी करने वाले जवान वायरलेस और सीयूजी मोबाइल नंबर पर एक दूसरे से संपर्क में रहते हैं। अभी ट्रेनों में चार से पांच आरपीएफ जवान स्क्वाएड ड्यूटी पर होते हैं। इनमें एक जवान इंजन के पास वाले कोच, दो जवान आरक्षित व एसी कोच में और दो जवान पीछे वाले गार्ड केबिन कोच में तैनात होते हैं। कंट्रोल रूम से इनका संपर्क वायरलेस या फिर सीयजू नंबरों के जरिए होता है। रेलवे ने इनको हाइटेक बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
यात्रियों एवं रेल संपत्ति की सुरक्षा तहत आरपीएफ के लिए ई - पेट्रोलिंग नया एप शुरू किया है। इसके जरिए ड्यूटी के दौरान आरपीएफ कर्मियों पर नजर रखी जाएगी। सभी कर्मियों को मोबाइल में नया एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ट्रेन सुरक्षा ड्यूटी के हर जवान को एप रखना होगा। बताया गया है कि ट्रेन सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जवान व अधिकारी ई-पेट्रोलिंग एप को हर दो घंटे में अपने मोबाइल से क्यूआर कोड को स्कैन करते रहेंगे। इससे कंट्रोल रूम को जवानों की पल - पल की लोकेशन मिलती रहेगी। किसी आकस्मिक स्थिति के दौरान तुरंत जवानों को मैसेज भेजकर मदद ली जा सकेगी।
ऐसे करेगा काम
ट्रेनों पर प्रीफेब्रिकेटेड क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इसे सभी आरपीएफ जवानों को अपने स्मार्ट फोन में डाउनलोड करना होगा। ड्यूूटी के दौरान इस एप के माध्यम से जवानों को हर दो घंटे में अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। इसके बाद कंट्रोल रूम को जवानों की लोकेशन मिलेगी। आपातकालीन स्थिति में चलती ट्रेन में जवानों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें तुरंत मौके पर तैनात किया जा सकेगा।
सबसे पहले राजधानी और शताब्दी
बताया गया है कि जल्द ही झांसी मंडल में यह योजना शुरू होने की संभावना है। ट्रेनों में स्क्वाएड टीम पर इस एप से नजर रखी जा सकेगी। सबसे पहले यह सुविधा राजधानी और शताब्दी एक्सप्रेस में शुरू की जाएगी। वरिष्ठ मंडला सुरक्षा आयुक्त उमाकांत तिवारी ने बताया कि जल्द ही झांसी स्टेशन समेत बड़े स्टेशनों और सभी प्रीमियम व मेल, एक्सप्रेस ट्रेनों में इस एप की शुरुआत होगी। यह आरपीएफ के लिए काफी कारगर भी साबित होगा।