बड़ागांव गेट पर मोटर खराब, जलसंकट
झांसी। बाहर बड़ागांव गेट ट्यूबवेल पर लगी दोनों मोटरें खराब हो गई हैं। इस समस्या के कारण बुधवार को संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। लोगों को हैंडपंप से पानी भरना पड़ा।
बाहर बड़ागांव गेट के पास ट्यूबवेल लगा है, जिससे आसपास के छह से अधिक मुहल्लों को पानी की सप्लाई दी जाती है। यहां लगी दो मोटरों में एक 20 दिन पहले खराब हो गई थी और जबकि दूसरी ने मंगलवार को साथ छोड़ दिया। इससे संबंधित क्षेत्रों की जलापूर्ति ठप पड़ गई। जलापूर्ति न होने से लोगों को हैंडपंपों का सराहा लेना पड़ा। लोग भीषण गर्मी में पानी भरने को मजबूर रहे। जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को मोटर ठीक करवाई जाएगी। शुक्रवार से सामान्य दिनों की तरह पानी मिलने लगेगा।