अमेरिकी दल ने जाना बुंदेलखंड के विकास का हाल
झांसी। अमेरिका के तीन सदस्यीय राजदूत दल ने चुनाव सरगर्मी को देखते हुए बुंदेलखंड में विकास कार्य के साथ रोजगार और पलायन को लेकर महापौर रामतीर्थ सिंघल से जानकारी ली। चर्चा में सिंचाई और रोजगार को भी प्राथमिकता दी गई।
अमेरिकी दूतावास से पॉलिटिकल अफेयर्स का तीन सदस्यीय राजदूत दल झांसी आया। दल में मिनिस्टर काउंसलर फॉर पॉलिटिकल अफेयर्स लेस वेग्यूरि, प्रथम सचिव गौरव बंसल, वरिष्ठ सलाहकार श्रम और राजनीति ए. सुकेश ने महापौर से बुंदेलखंड में विकास के मुद्दे पर जानकारी ली। चर्चा में युवाओं को रोजगार, कृषि उत्पादन, सिंचाई व्यवस्था, पलायन की स्थिति पर आंकड़े जुटाए। इस दौरान महापौर ने बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण, पेयजल व्यवस्था के लिए महायोजना, केन बेतवा लिंक से होने वाले फायदे की जानकारी दी। वहीं, योगी सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव के बारे में पूछा। इस पर उन्हें बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के साथ ही कानून व्यवस्था को दुरुस्त कर अपराध में कमी आई है। महापौर ने बताया यह दल बुंदेलखंड में विकास की जानकारी एकजुट करने के बाद यह सूचना यूएस भेजेंगे। ताकि, वर्ल्ड बैंक से योजनाओं में कोई मदद मांगी जाए तो वहां से सहायता मिल सके।