दुर्घटनाग्रस्त होने से बची पैसेंजर
झांसी।
चरखारी रोड और महोबा स्टेशन के बीच रेल फ्रैक्चर (पटरी चटकना) होने से शुक्रवार की सुबह 10.25 बजे झांसी- प्रयागराज पैसेंजर दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। चाबीमैन ने वक्त पर रेल फ्रैक्चर देख लिया और अपनी लाल शर्ट दिखाकर पैसेंजर ट्रेन को रुकवा दिया। कर्मचारियों ने टूटी पटरी को जोड़ा। घटना के कारण ट्रेन सवा घंटे तक मौके पर खड़ी रही।
शुक्रवार को झांसी से प्रयागराज जाने वाली 54159 पैसेंजर चरखारी रोड से महोबा स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी। तभी सुबह 10.25 बजे के करीब चाबीमैन गोपाल की नजर टूटी पटरी पर पड़ गई। वहीं सामने से पैसेंजर ट्रेन आगे बढ़ रही थी। खतरा भांपकर चाबीमैन ने तुरंत अपनी लाल शर्ट को उतारा और चालक को दिखाकर खतरे का संकेत दिया। इस पर चालक ने पैसेंजर को टूटी पटरी से 100 मीटर पहले ही रोक दिया। सूचना पर मेंटेनेंस कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। बाद में लकड़ी के गट्टों की मदद से टूटी पटरी को वैकल्पिक रूप से जोड़ने का काम किया गया। सबसे पहले इंजन को धीमी गति से टूटी पटरी से गुजारा गया। इंजन के सुरक्षित गुजरने पर फिर पीछे के कोच आगे बढ़ाए गए। उक्त घटना के कारण पैसेंजर ट्रेन 1.15 घंटे तक मौके पर खड़ी रही। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मालूम हो कि, उक्त पैसेंजर झांसी से सुबह 7.10 बजे रवाना होती है।