गुम मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे
झांसी। साइबर क्राइम सेल ने दस गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी मोबाइलों की कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में लोगों को उनका खोया हुआ मोबाइल वापस किया। मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
जिले के कई इलाकों में मोबाइल चोरी या गिरने की घटनाएं हुईं। लोग इसकी शिकायत या तो करते नहीं या फिर पुलिस इन शिकायतों को गंभीरता से लेती नहीं है। महंगा मोबाइल गंवाने वाले कुछ लोग अपनी फरियाद लेकर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के पास पहुंचे। जहां उन्होंने शिकायत को गंभीरता से लेकर मोबाइल बरामदगी के लिए स्वॉट टीम व सर्विलांस सेल प्रभारी विजय कुमार पांडेय को जिम्मेदारी सौंपी। टीम ने मिलकर चंद दिनों में ही दस मोबाइल बरामद किए। मोबाइल मिलने पर रविवार को पुलिस ने सभी पीड़ितों को सूचना दी थी। सोमवार को डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी श्रीप्रकाश द्विवेदी और एसपी देहात राहुल मिठास ने पत्रकार चंद्रकांत यादव, नवीन रूसिया, भगवत कुशवाहा, शुभम गुप्ता, सलीम खान, करामत खान, अहिरवाल सिंह, विक्की साहू, आकाश गुप्ता, खुशनुमा मंसूरी को मोबाइल सौंपे, जिसे पाकर सभी के चेहरे भी खिल उठे।
इस तरह मिलेगा खोया मोबाइल
मोबाइल फोन खोजने में पुलिस की साइबर सेल मदद करेगी। लोग सेल में संपर्क कर अपनी शिकायत दे सकते हैं। इसके लिए मोबाइल फोन की गुमशुदगी, बिल और अपनी पहचान की कोई आईडी साइबर सेल में देनी होगी। इसके बाद पुलिस इसे ट्रेस करेगी। अब तक यह सुविधा हर नागरिक को नहीं मिल पाती थी। मगर अब इसका फायदा हर वह व्यक्ति ले सकता है जिसका फोन खो गया हो। फोन चोरी करने वाले ने भले ही सिम कार्ड निकाल कर फेंक दिया हो, मगर फोन चालू हुआ तो साइबर सेल आईएमआईई नंबर से उसे ट्रैक कर लेगी। यह भी पता चल जाएगा कि फोन पर किस नंबर का इस्तेमाल किया जा रहा है।