काली सूची में डाली जाएं काम न करने वाली एजेंसी
- मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने कहा कि सौभाग्य योजना के तहत जिले में कार्यरत एजेंसी यदि काम नहीं कर रही है, तो उसे ब्लैक लिस्टेड किया जाए। संयोजन लगाने में पैसे की मांग करने वाले को जेल भेजा जाए। जिन गांवों में अवैध संयोजन अधिक हैं, वहां टीम भेजकर संयोजन वैध किए जाएं। यह निर्देश निर्देश उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दिए।
उन्होंने कहा कि निकायों में अटल गौरव मार्ग बनाने के लिए मार्गों का चयन कर लिया जाए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित शौचालयों की गुणवत्ता की जांच कर ली जाए। सौभाग्य योजना की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य प्रति सप्ताह के हिसाब से तय किया जाए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की।
एनआईसी में मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी, सीडीओ निखिल टी फुंडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।