साक्षी नायक को मिलेगा स्वर्ण पदक
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की छात्रा साक्षी नायक को दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति स्वर्ण पदक मिलेगा। साक्षी ने सभी परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक हासिल किए हैं। समारोह में कुलाधिपति राम नाईक स्वर्ण पदक देकर पुरस्कृत करेंगे। इसके अलावा सभी परीक्षाओं में छात्राओं में सर्वाधिक प्रतिशत अंक के लिए साक्षी को रजत और बीएससी ऑनर्स की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक लाने पर कांस्य पदक भी मिलेगा।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का 23 वां दीक्षांत समारोह 20 सितंबर को होना है। समारोह के लिए पदक सूची तैयार कर ली गई है। यूनिवर्सिटी की बायोमेडिकल साइंस विभाग की छात्रा साक्षी नायक को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। साक्षी के सभी परीक्षाओं में सर्वाधिक 86.89 प्रतिशत अंक आए हैं। इसके अलावा समारोह में 14 कुलाधिपति रजत और 19 कांस्य पदक बंटेंगे।
पदक सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। यदि किसी छात्र-छात्रा को सूची में आपत्ति दर्ज करानी है तो इसके लिए उनके पास 31 अगस्त की शाम पांच बजे तक का मौका है। कुलसचिव कार्यालय आकर या फिर कुलसचिव को ई-मेल करके आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
इनको मिलेगा रजत पदक
एमएससी की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक लाने पर बीयू की मिनाली सिंह को कुलाधिपति रजत पदक मिलेगा। इसके अलावा एमए की छात्रा सेफाली त्रिपाठी व अंसिका जैन, एमकॉम के छात्र सर्वेश सिंह चंदेल, एमलिब की छात्रा पूजा सेन, एमएई की छात्रा निशि वर्मा, एमबीए की छात्रा श्रुतिका सक्सेना, एमएससी कृषि के छात्र स्वतंत्र सिंह, एमएफसी की छात्रा धैर्या झा, एमसीए के छात्र आदर्श श्रीवास्तव, एमएसडब्ल्यू के छात्र संग्राम सिंह यादव, एलएलएम के छात्र शिखर मिश्रा को कुलाधिपति रजत पदक मिलेगा।
इनको मिलेगा कांस्य पदक
बीएससी की छात्रा प्रगति सिंह को कुलाधिपति कांस्य पदक मिलेगा। इसके अलावा बीकॉम छात्रा साक्षी खरे, बीएससी कृृषि की छात्रा शिखा गुरूदेव, एलएलबी की छात्रा सोनल खत्री, बीलिब छात्रा प्रियंका सिंह, एमबीबीएस की छात्रा तान्या शर्मा, बीटेक छात्र शिवम तिवारी, बीए छात्रा रिशिका राठौर, बीए छात्रा हिना जवी व नेहा त्रिपाठी, बीए छात्रा रक्षा यादव, बीबीए छात्रा रूपाली चौरसिया, बीसीए छात्रा स्वाति श्रीवास्तव, बीपीएड छात्रा पूनम तिवारी, बीपीई की छात्रा पूजा कुमारी, बीएचएम के छात्र सतीश कुमार यादव बीएएलएलबी की छात्रा वैशाली सिंह, बीफार्मा की छात्रा रूपम कुशवाहा को कुलाधिपति कांस्य पदक मिलेगा।
छात्राओं का एकतरफा जलवा
पदक सूची में छात्राओं का एकतरफा जलवा रहा। कुल 33 पदकों में 26 पदक छात्राओं को मिले हैं, जबकि छात्रों के खाते में सिर्फ सात पदक आए हैं। यही नहीं, सबसे मुख्य कुलाधिपति स्वर्ण पदक पर भी छात्रा का कब्जा है। 14 कुलाधिपति रजत पदकों में नौ छात्राओं और पांच छात्रों की झोली में गए हैं। जबकि, 19 कांस्य पदकों में 17 छात्राओं और सिर्फ दो छात्रों को मिले हैं।