छावनी परिषद का उपाध्यक्ष पद भाजपा के पाले में
निर्विरोध जीते राजकुमार भदौरिया, कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस
अविश्वास प्रस्ताव के कारण खाली हुआ था पद
अमर उजाला ब्यूरो
बबीना।
पिछले दिनों आए अविश्वास प्रस्ताव के कारण खाली हुए छावनी परिषद बबीना के उपाध्यक्ष का पद भाजपा के राजकुमार भदौरिया ने निर्विरोध जीत लिया। उनके जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला।
छावनी परिषद बबीना में उपाध्यक्ष सुशीला देवी राय को उपाध्यक्ष पद से हटाने के लिए पुन: चुनाव के लिए पांच सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव डाला था, जिसे बोर्ड मीटिंग में छावनी परिषद के अधिकारियों द्वारा स्वीकार किया गया था। बुधवार को छावनी परिषद की बैठक में परिषद के अध्यक्ष स्टेशन कमांडर बबीना टी एस स्वाईन की उपस्थिति एवं मुख्य अधिशाषी अधिकारी अभिषेक आजाद नेतृत्व में नए उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए पर्चे दाखिल किए गए। जिसमें वार्ड नंबर 2 के सदस्य राजकुमार भदौरिया ने पर्चा जमा किया। एक पर्चा ही दाखिल होने के कारण भाजपा के प्रत्याशी राजकुमार भदौरिया निर्विरोध निर्वाचित हुए।
भाजपा की इस जीत पर सभी कार्यकर्ताओं के जुलूस में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन दो दर्जन लोग भी शामिल नहीं हुए।