कुलपति का कार्यकाल फिर बढ़ा
- कुलाधिपति ने तीन महीने अथवा नए वीसी की नियुक्ति तक दिया विस्तार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे का कार्यकाल दोबारा बढ़ा दिया गया है। कुलाधिपति राम नाईक ने तीन महीने अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति तक विस्तार दिया है।
बीयू के कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे को कुलाधिपति ने मई में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु का कुलपति नियुक्त किया था। 21 मई को कुलपति को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के साथ-साथ तीन महीने के लिए बीयू का भी कार्यभार देखने का आदेश आ गया। यह समय सीमा 21 अगस्त को पूरी होनी थी, इसके ठीक एक दिन पहले सोमवार को राजभवन से दोबारा कार्यकाल बढ़ाने का पत्र आ गया। पत्र में लिखा है कि नए कुलपति की नियुक्ति में अभी कुछ समय लगने की संभावना है इसलिए प्रो. सुरेंद्र का कार्यकाल तीन महीने अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति तक बढ़ाया जाता है।