चिलचिलाती गर्मी के बीच रविवार की शाम मौसम का मिजाज एकदम बदल गया। झमाझम बारिश से मौसम खुशगवार हो गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
जुलाई के अंतिम पखवाड़े में झमाझम बारिश हुई थी। इसके बाद अगस्त में मानसून रूठ गया, जिसका नतीजा रहा है कि अब तक तकरीबन साढ़े तीन सौ मिलीमीटर बारिश ही हुई है, जबकि जिले में बारिश का सामान्य आंकड़ा आठ सौ मिलीमीटर का है। तेज धूप खिलने और बारिश नहीं होने की वजह से लोगों को चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन, रविवार की शाम हुई झमाझम बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया, जिससे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह बारिश की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।